बुढ़मू (रांची): प्रखंड क्षेत्र में बीते 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते बड़का मुरू गांव में कई ग्रामीणों के कच्चे मकान अचानक भरभराकर गिर गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस आपदा में बड़का मुरू निवासी अशोक सिंह, जयवीर साहू और मासोमात तेतरी देवी समेत कई ग्रामीणों के घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं।
ढहे कई मकान
भारी बारिश के बीच मकान गिरने से घर-गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया और खाने-पीने की सामग्री भी भीग कर बर्बाद हो गई। इस मूसलाधार बरसात में छत छिन जाने से पीड़ित परिवारों के सामने सिर छिपाने और रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़का मुरू की वार्ड सदस्य काजल देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और उन्हें ढांढस बंधाया।
पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा
वार्ड सदस्य ने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि प्रशासनिक स्तर पर उचित मुआवजा व राहत सामग्री दिलाने के लिए तत्काल प्रयास किए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अविलंब राहत व पक्के आशियाने की व्यवस्था कराने की मांग की है।