वनवासी कल्याण केन्द्र, रांची महानगर की ओर से आगामी 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को आरोग्य भवन, बरियातू, रांची में दो दिवसीय ‘वन सब्जी बाजार’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समाज द्वारा सदियों से संरक्षित वन संपदा, पौष्टिक वन सब्जियों, औषधीय जड़ी-बूटियों एवं विविध वन उत्पादों को समाज से जोड़ना तथा जनजातीय परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल करना है।
प्रेस वार्ता का आयोजन
इसी कार्यक्रम की जानकारी देने एवं आयोजन के उद्देश्यों से मीडिया को अवगत कराने के लिए आज 06 अक्टूबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे प्रेस क्लब, रांची में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जगलाल पाहन, संरक्षक; डॉ. विजय राज , अध्यक्ष एवं प्रतीक भदानी , सचिव, रांची महानगर, वनवासी कल्याण केन्द्र, रांची ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
वन से जन-जन तक पहुंचेगा प्रकृति का संदेश
जनजाति समुदाय का जीवन सदियों से प्रकृति और वन संपदा से गहरे रूप से जुड़ा रहा है। वनों में उपलब्ध विभिन्न प्रकार की पौष्टिक वन सब्जियाँ, औषधीय जड़ी-बूटियाँ, कंद-मूल, फल एवं अन्य वन उत्पाद न केवल उनके भोजन और स्वास्थ्य का आधार हैं, बल्कि अनेक जनजातीय परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन भी हैं। ‘वन सब्जी बाजार’ इसी पारंपरिक ज्ञान और प्राकृतिक संपदा को व्यापक समाज से जोड़ने का प्रयास है। इसके माध्यम से लोगों को वन आधारित पौष्टिक आहार, पारंपरिक औषधीय ज्ञान एवं स्थानीय वन उत्पादों से परिचित कराने के साथ-साथ जनजातीय परिवारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यह आयोजन प्रकृति संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली, जनजातीय संस्कृति, स्थानीय उत्पादों एवं ग्राम स्वावलंबन के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
ये लोग होंगे शामिल
‘वन सब्जी बाजार’ का उद्घाटन 08 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 2:00 बजे आरोग्य भवन, बरियातू, रांची में होगा। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि सुदर्शन भगत जी, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री, विशेष अतिथि सिद्धनाथ सिंह जी, ग्राम विकास टोली सदस्य (अखिल भारतीय) तथा विशिष्ट अतिथि रौशनी खलखो , मेयर, रांची उपस्थित रहेंगी। वहीं, 09 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 5:00 बजे आयोजित समापन सत्र में मुख्य अतिथि संजय सेठ जी, सांसद, रांची लोकसभा क्षेत्र एवं रक्षा राज्य मंत्री, विशिष्ट अतिथि अजीत जी, अध्यक्ष, एडवोकेट एसोसिएशन, झारखण्ड हाईकोर्ट तथा मुख्य वक्ता प्रफुल्ल अकान्त जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, उत्तर मध्य क्षेत्र उपस्थित रहेंगे।