Skip to main content

Panchayat Darpan

|

जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की छोटी बेटी का निधन, सीएम हेमंत सोरेन से जताया शोक

झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया है। जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मंत्री की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुआ, जहां एक खड़े ट्रक और कार की टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना देर रात की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार के परखच्चे उड़ गए। घटना को लेकर डीएसपी मनोज ठाकर ने बताया कि देर रात दो बजे एक कार ने सड़क पर खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। अब इस मामले की आगे जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी को जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंत्री दीपिका पांडे सिंह के गोड्डा जिले स्थित मेहरमा प्रखंड के खिरोधी गांव में मातम पसर गया। घटना के वक्त मंत्री दीपिका पांडे सिंह अपने घर ही मौजूद थीं. हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह जमशदेपुर पहुंच चुकी हैं। बता दें कि मंत्री दीपिका पांडे सिंह के पति रत्नेश्वर सिंह टाटा कंपनी में इंजीनियर हैं और जमशेदपुर में रहते हैं। इस दंपती की दो बेटियां हैं. इस हादसे में उनकी छोटी बेटी तृषा सिंह की मौत हो गई.

हेमंत सोरेन ने जताया दुख

घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा हैं कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

 

 

इरफान अंसारी का ट्वीट

स्वास्थ्य मंत्री इरफान इअंसारी ने भी ट्वीट कर घटना को लेकर शोक जताया है। उन्होंने लिखा है, बेहद दुखद एवं हृदयविदारक खबर…अभी-अभी अत्यंत दुखद सूचना मिली कि आज सुबह जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हमारी छोटी बहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे जी की बेटी का निधन हो गया। इस असहनीय दुःख की घड़ी में मैं दीपिका जी और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

बीजेपी नेता ने जताया शोक

भारतीय जनता पार्टी राँची जिला ग्रामीण पश्चिम के जिला उपाध्यक्ष राम कुमार दुबे ने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा कि झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह का सड़क दुर्घटना में निधन, बेहद दुखद एवं हृदयविदारक खबर है। अभी-अभी अत्यंत दुखद सूचना मिली कि आज सुबह जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हमारी छोटी बहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे जी की बेटी का निधन हो गया। इस असहनीय दुःख की घड़ी में मैं दीपिका जी और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।