बुढ़मू : बुढ़मू प्रखंड क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा के कारण बुढ़मू प्रखंड के बंसरी गांव निवासी सहदेव साहु का खपरैल मकान गिर गया, जिससे घर में रखा अनाज सहित अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया। पीड़ित सहदेव साहु अपने पूरे परिवार के साथ गांव के सामुदायिक भवन में शरण लेने को विवश हैं। वहीं उरूगुट्टू गांव निवासी दिव्यांग इसराफिल राय तथा राजकिशोर महतो का मकान भी बारिश के कारण ढह गया है।
खेत में सब्जी को नुकसान
बारिश का असर किसानों पर भी भारी पड़ा है। क्षेत्र के खेतों में लगी टमाटर, बीन, फूलगोभी, पत्तागोभी, धनिया पत्ता, शिमला मिर्च समेत अन्य सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। नुकसान की सूचना मिलने पर प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, जिप सदस्य मनोज वाजपेयी, मुखिया दशरथ उरांव एवं पूजा किस्पोट्टा ने प्रभावित परिवारों और किसानों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।