रांची के कांके सुकुरहुट्टू रंग रोड में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए. घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी घायल कांके प्रखंड के सांगा गांव के निवासी हैं. सभी लोग एसआईआर वेरिफेकेशन कराने के लिए कांके प्रखंड कार्यालय गए हुए थे. प्रखंड कार्यालय से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ. हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है. तेज रफ्तार के कारण ऑटो चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ऑटो पलट गया. इससे ऑटो में सवार चार लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ. सभी घायलों को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया. जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रिम्स ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई.
मृतक के परिजनों को मिली सहायता राशि
घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में काफी रोष देखा जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद सुषमा देवी सांगा गांव पहुंची और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की साथ ही मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. कांके प्रखंड के सीओ अमित भगत की तरफ से मृतक पांडु गोप के परिजनों को तत्काल सहायता राशि 20 हजार रुपये प्रदान किए. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को आगे और मदद का भरोषा दिया.

जनप्रतिनिधियों में रोष
जिला परिषद सुषमा देवी ने कहा कि यह घटना प्रखंड कार्यालय की मनमानी के कारण हुई है. अगर गांव में ही कैंप लगाकर एसआईआर वेरिफिकेशन का कार्य कर दिया जाता तो ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय जाकर परेशान नहीं होना पड़ता. इस मामले को लेकर वो अधिकारियों से बात करेंगी. वहीं पंचायत समिति सदस्य पुनम देवी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया प्रखंड कार्यालय में होने कारण गांव वालों को काफी परेशान होना पड़ रहा है. उन्हें अपना पूरा काम छोड़कर दिन भर प्रंखड कार्यालय में बिताना पड़ रहा है. इस प्रक्रिया में सुधार की जरूरत है.