Skip to main content

Panchayat Darpan

|

गेहूं के MSP में ₹25 प्रति क्विंटल बढ़ोतरी संभव, 2027-28 सीजन के लिए ₹2,610 करने की तैयारी

नई दिल्ली, 30 सितंबर। केंद्र सरकार 2027-28 के रबी विपणन सीजन के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में ₹25 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इससे गेहूं का MSP मौजूदा ₹2,585 से बढ़कर ₹2,610 प्रति क्विंटल हो जाएगा। इस संबंध में कृषि मूल्य एवं लागत आयोग (CACP) की सिफारिश को बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना बताई गई है।

उत्पादन लागत और मौसम को ध्यान में रखकर सिफारिश

कृषि मंत्रालय ने CACP की सिफारिश के आधार पर गेहूं के MSP में मामूली बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया था। इसमें उत्पादन लागत के साथ अलनीनो की आशंका, घरेलू और वैश्विक बाजार में कीमतों के रुझान को ध्यान में रखा गया है। फिलहाल 2026-27 के रबी विपणन सीजन के लिए गेहूं का MSP ₹2,585 प्रति क्विंटल है।

 

गेहूं उत्पादन का लक्ष्य 121 मिलियन टन

कृषि मंत्रालय ने 2026-27 फसल वर्ष के लिए गेहूं का उत्पादन लक्ष्य 121 मिलियन टन रखा है। गेहूं देश की प्रमुख रबी फसलों में शामिल है। इसकी बुआई सामान्य तौर पर अक्टूबर से शुरू होती है, जबकि फसल की कटाई अप्रैल से शुरू होती है।

पिछले सीजन में ₹160 प्रति क्विंटल बढ़ा था MSP

पिछले साल सरकार ने 2026-27 रबी विपणन सीजन के लिए गेहूं के MSP में ₹160 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर इसे ₹2,585 किया था। उससे पहले 2025-26 सीजन में गेहूं का MSP ₹2,425 प्रति क्विंटल था।