Skip to main content

Panchayat Darpan

|

लातेहार, गुमला, गढ़वा समेत 14 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, 8 अक्टूबर तक बादल-बारिश, 9 को भी आंधी-वज्रपात

लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची समेत झारखंड के 14 जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इन जिलों में बादल छाने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 अक्टूबर तक राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने के बावजूद स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण झारखंड में अगले चार दिनों तक बारिश और वज्रपात की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। मंगलवार को लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में मौसम में बदलाव के आसार हैं। रांची में भी आज से 8 अक्टूबर तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इसे भी पढ़ें : रांचीः ओबीसी अधिकारों को लेकर तेली समाज का फूटा आक्रोश, बुढ़मू में निकाला विशाल मशाल जुलूस

8 अक्टूबर तक बादल-बारिश, 9 को आंधी-वज्रपात का असर

रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में 6 और 7 अक्टूबर को बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। 8 अक्टूबर को भी मौसम का यह असर जारी रह सकता है। 9 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में कहीं-कहीं वज्रपात होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। राजधानी रांची में भी कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस अवधि में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की जरूरत है। वहीं, 10 अक्टूबर को रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन कोई विशेष मौसम चेतावनी नहीं है। 11 अक्टूबर से आकाश साफ होने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें : रानी फॉल से शैक्षणिक भ्रमण कर लौटे डेढ़ दर्जन स्कूल बच्चे हुए बीमार, कर्रा सीएचसी में चल रहा इलाज

जमशेदपुर में 33, रांची में 28 डिग्री तक रहेगा तापमान

राजधानी रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 28-29 डिग्री और न्यूनतम 20-21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में दिन का तापमान 32-33 डिग्री और रात का करीब 23 डिग्री रह सकता है। धनबाद और बोकारो में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री तथा न्यूनतम 23-25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पलामू में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और गुमला में 28-30 डिग्री रह सकता है। इससे पहले 5 अक्टूबर को रांची में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, जमशेदपुर में 35.2 और 23 डिग्री तथा डाल्टनगंज में 35.4 और 22.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 अक्टूबर से झारखंड से वापसी शुरू कर दी है। हालांकि मानसून की विदाई के दौरान स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है। 10 और 11 अक्टूबर को राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है और मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है।