Skip to main content

Panchayat Darpan

|

कोयला वाहन की टक्कर से युवक की मौत, 24 घंटे से चतरा-सिमरिया मार्ग जाम

चतरा। चतरा सदर थाना क्षेत्र के सीमा चौक के पास कोयला वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय अरविंद सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और रोजगार समेत अन्य मांगों को लेकर चतरा-सिमरिया मुख्य पथ जाम कर दिया। करीब 24 घंटे से सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाइक से घर लौट रहे थे तीनों

बताया गया कि अरविंद सिंह, मुखिया प्रतिनिधि एवं भारत भद्रकाली गैस के संचालक रामरतन सिंह समेत अन्य लोग बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोयला वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रामरतन सिंह समेत दो अन्य घायलों का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है।

इसे भी पढ़ें: रानी फॉल से शैक्षणिक भ्रमण कर लौटे डेढ़ दर्जन स्कूल बच्चे हुए बीमार, कर्रा सीएचसी में चल रहा इलाज

हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार, अरविंद सिंह की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजा और आश्रित को रोजगार देने की मांग की है। मांग पूरी होने तक सड़क जाम जारी रखने की बात कही गई है।

सांसद और झामुमो नेता पहुंचे, प्रशासन समझाने में जुटा

सड़क जाम की जानकारी मिलने के बाद सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी एवं झामुमो नेता मनोज चंद्रा मौके पर पहुंचे। दोनों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं। इधर, लंबे समय से सड़क बंद रहने के कारण आम लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ती जा रही है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: रामगढ़ में ‘प्रोजेक्ट समर्थ’ शुरू, आदिम जनजाति परिवारों तक पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं