Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची का अनोखा भवानी शंकर मंदिर: जहां आंख पर पट्टी बांधकर होती है पूजा, मूर्ति देखना है वर्जित

दूर्गा पूजा का त्योहार राजधानी रांची समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों में धूमधाम के साथ मनाया गया। बुढ़मू प्रखंड अंतर्गत ठाकुरगांव के भवानी शंकर मंदिर में नवरात्र के नवें दिन मां की पूजा हुई। यहां पर बली बकरे का बली देने की परंपरा है। नवमी के दिन यहां पर लगभग 500 बकरों की बली दी गई। यहां पर ठाकुरगांव समेत आस-पास के गांवों के लोग पूजा करने आते हैं।

 

अपनी अनोखी परंपरा के लिए है प्रसिद्ध

बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 25 किलोमीटर दूर बुढ़मू प्रखंड के गिंजो ठाकुरगांव में स्थित मां भवानी शंकर का मंदिर अपनी अनोखी परंपरा और रहस्यों के लिए प्रसिद्ध है। लगभग 300 से 500 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां स्थापित युगल प्रतिमा पूजनीय तो है, लेकिन दर्शनीय नहीं है ।

 

आंखों में पट्टी बांधकर होती है पूजा

ऐतिहासिक उल्लेखों के अनुसार, इस अष्टधातु/कंसर्ट धातु निर्मित बहुमूल्य मूर्ति को सिद्ध पुरुष महात्मा चेतनाथ बाबा ने छोटानागपुर के नागवंशी राजपरिवार को प्रदान किया था। इसके बाद नागवंशी महाराजाओं के वंशज (सहदेव परिवार) इसे गिंजो ठाकुरगांव लाकर स्थापित किए और तब से यह परंपरा चली आ रही है। मंदिर में पुजारी दैनिक पूजन, महास्नान और वस्त्र बदलने का कार्य आंखों पर काली पट्टी बांधकर तांत्रिक विधि से करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि नग्न आंखों से मूर्ति का दर्शन करने पर आंखों की रोशनी जाने या अनहोनी होने का खतरा रहता है।

 

यहां पूरी होती है मनोकामना

इस मंदिर का इतिहास एक ऐतिहासिक घटना से भी जुड़ा है। 20 अक्टूबर 1965 को मंदिर से यह प्रतिमा चोरी हो गई थी, जिसे लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 23 अक्टूबर 1991 को पुनर्प्राप्त कर ग्रामीणों को सौंपा गया था। विशेषकर दुर्गा पूजा और नवरात्रि के दौरान यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। षष्ठी से नवमी-दशमी तक तांत्रिक अनुष्ठान, संधि बलि, बकरे व भैंसे की बलि और विशाल मेले का आयोजन होता है। झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से हजारों भक्त यहां मन्नत मांगने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास है कि मां भवानी शंकर के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद अवश्य पूरी होती है