Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची से दिल्ली जा रही यात्री बस में लगी आग, यात्रियों में मची अफरातफरी; चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रोहतास (बिहार) : बिहार के रोहतास जिले में गुरुवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रोहतास थाना क्षेत्र के घोरघट गेट के समीप एनएच-19 पर रांची से दिल्ली जा रही विजय रथ नामक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई और लोग शोर मचाने लगे।

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बस चालक ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। उसने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और बिना देर किए बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यात्रियों के साथ उनके सामान को भी बाहर निकाल लिया गया। आग लगने से बस को मामूली नुकसान पहुंचा।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। चालक की सतर्कता और समय रहते बस रोकने के फैसले से एक बड़ा हादसा टल गया।