Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची: निशा भगत आत्महत्या मामले में पिता ने दर्ज कराई एफआईआर, कार्रवाई की मांग

आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. बेटी की मौत के बाद उनके पिता हंदू भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.उनके आवेदन को पिठोरिया थाना के सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास ने रिसीव किया है. निशा भगत के पिता ने बेटी की मौत को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या बताया है. वहीं निशा भगत की आत्महत्या को लेकर नगड़ी चेकपोस्ट के पास युवाओं ने सड़क जाम कर दिया है और पूरे मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं.

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर उसका चरित्र हनन किया गया और झूठे आरोप लगाकर उसे परेशान किया जा रहा था. साथ ही, अलग-अलग लोगों की ओर से उस पर तरह-तरह के चारित्रिक आरोप लगाए गए. पिता का दावा है कि इस लगातार प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी.पिता ने अपने आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा का नाम लेते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. इसके अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों और अन्य व्यक्तियों पर भी बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है.

यह भी पढ़ेंः रांचीः बाड़ें गांव में रामकृष्ण मिशन की तरफ से 25 किसानों को दिया गया नैनो यूरिया

 

किया जा रहा था परेशान

आवेदन में कहा गया है कि घर से बाहर आने-जाने के दौरान भी उसे कथित तौर पर परेशान किया जाता था. उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.पिता ने पुलिस से निशा भगत के निधन से पहले सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो और उनके बयानों को जांच का आधार बनाने का आग्रह किया है. उन्होंने मांग की है कि वीडियो में जिन लोगों का उल्लेख किया गया है, उनकी भूमिका की भी जांच हो और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.

One thought on “रांची: निशा भगत आत्महत्या मामले में पिता ने दर्ज कराई एफआईआर, कार्रवाई की मांग”

Comments are closed.