Skip to main content

Panchayat Darpan

|

मुखिया ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, बारी स्कूल में पढ़ाई शुरू कराने की मांग

सतबरवा। बारी पंचायत की मुखिया निरोतमा कुमारी ने राजकीय मध्य विद्यालय बारी के नए भवन में उच्च शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) और जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसइ) को ज्ञापन सौंपा है। मुखिया ने शिक्षा विभाग से जल्द पहल करने का आग्रह किया है।

2014 में बनकर तैयार हुआ था भवन

ज्ञापन में मुखिया ने कहा है कि विद्यालय में उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए भवन का निर्माण वर्ष 2014 में ही कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक इसमें कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। इस कारण मेदिनीनगर सदर और सतबरवा प्रखंड की पांच पंचायतों के छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए पांच से सात किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है।

दूरी के कारण छात्राओं की पढ़ाई हो रही प्रभावित

मुखिया ने कहा कि उच्च विद्यालय दूर होने के कारण खासकर छात्राओं को आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई जारी रखने में परेशानी हो रही है। कई छात्राएं दूरी के कारण आगे की शिक्षा से वंचित हो रही हैं। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि गांव के बच्चों को उनके ही क्षेत्र में आगे की पढ़ाई की सुविधा मिलनी चाहिए, ताकि दूरी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने।

पीरामल फाउंडेशन की टीम भी कर चुकी है भवन का अवलोकन

निरोतमा कुमारी के अनुसार, विद्यालय में उच्च शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर पीरामल फाउंडेशन की टीम भी भवन का अवलोकन कर चुकी है। इसके बावजूद अब तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने पलामू डीसी और शिक्षा विभाग से मामले में जल्द निर्णय लेते हुए बारी के नए भवन में उच्च शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की है।