रांचीः झारखण्ड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT), रांची का द्वितीय दीक्षांत समारोह मनाया गया. विश्वविद्यालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिसर के सभागार , सिरखाटोली, नामकुम दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। समारोह में स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG) एवं Ph.D. सहित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 1684 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की गईं।
ये लोग हुए शामिल
इस अवसर पर 8 मेधावी विद्यार्थियों राहुल कुमार, एमटेक सत्र 2022-24, चंद्रकांत कुमार, एमटेक सत्र 2023-25, सहनाज़ फरहीन, एम बी ए सत्र 2023-25, आलोक रंजन, बीटेक सत्र 2021-25, शलिनी भारद्वाज, बीटेक सत्र 2022-26, अविनाश कुमार, , बीटेक सत्र 2022-26, को मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति श्री संतोष कुमार गंगवार के कर-कमलों से स्वर्ण पदक प्राप्त करने का गौरव मिला। समारोह के मुख्य अतिथि झारखण्ड के महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति श्री संतोष कुमार गंगवार थे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री प्रिया रंजन, निदेशक-प्रभारी (DIC), SAIL, बोकारो तथा डॉ. प्रभात रंजन, प्रख्यात न्यूक्लियर फ्यूजन वैज्ञानिक एवं पूर्व कुलपति, डी.वाई. पाटिल अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन
समारोह की शुरुआत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अकादमिक प्रोसेशन के सभागार में आगमन से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का आगमन हुआ तथा अकादमिक प्रोसेशन के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया।राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात कुलगीत प्रस्तुत किया गया। कुलाधिपति से दीक्षांत समारोह प्रारंभ करने की अनुमति प्राप्त की गई और तत्पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए तथा विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन किया गया।
राज्यपाल ने कि JUT की सराहना
मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति श्री संतोष कुमार गंगवार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में झारखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, कौशल विकास एवं तकनीकी क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपनी शिक्षा और कौशल का सकारात्मक उपयोग करने तथा समाज एवं देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन ने समारोह में उपस्थित प्रोफेसरों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि उपाधि प्राप्त करना उपलब्धि अवश्य है, लेकिन वास्तविक सफलता तब है जब विद्यार्थी अपने ज्ञान और कौशल को समाज की समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्र की प्रगति में उपयोग करें।

ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने की दी गई जानकारी
विशिष्ट अतिथि श्री प्रिया रंजन, निदेशक-प्रभारी, SAIL, बोकारो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने व्यावसायिक एवं औद्योगिक अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करने, अनुशासन एवं तकनीकी दक्षता को अपनाने तथा अपने ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
निरंतर सीखने की जरूरत
प्रख्यात न्यूक्लियर फ्यूजन वैज्ञानिक एवं पूर्व कुलपति डॉ. प्रभात रंजन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान, नवाचार एवं निरंतर सीखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि विश्वविद्यालय से प्राप्त डिग्री उनके शैक्षणिक जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नई पेशेवर एवं सामाजिक यात्रा की शुरुआत है।

कुलपति ने दी नए प्रयासों की जानकारी
झारखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) डी.के. सिंह ने अपने स्वागत संबोधन एवं विश्वविद्यालय की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए JUT की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, नवाचार, तकनीकी दक्षता, उद्यमिता और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार योग्य बनाना है। कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा अकादमिक शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, तकनीकी प्रशिक्षण, इनोवेशन एवं इन्क्यूबेशन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
स्टार्टअप को मजबूत करने पर जोर
उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित JUT CIIE Centre तथा विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पहलों को भी रेखांकित किया। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के अनुभव एवं उद्यमिता की समझ प्रदान करने के उद्देश्य से सिलिकॉन वैली, USA से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क Entrepreneurship Classes जैसी पहल की जा रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने वाले के साथ-साथ नौकरी देने वाला एवं उद्यमी बनने के लिए तैयार करना है।कुलपति ने JUT के भविष्य के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय आने वाले समय में उद्योग-अकादमिक सहयोग, कौशल विकास, स्टार्टअप, अनुसंधान, नवाचार, प्रौद्योगिकी एवं वैश्विक अवसरों को और मजबूत करेगा।