Skip to main content

Panchayat Darpan

|

नालंदा के मितमा गांव में विवाद के बाद रोड़ेबाजी और फायरिंग, छह घायल

नालंदा। सिलाव थाना क्षेत्र के मितमा गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी और फायरिंग हुई। घटना में गोली लगने से एक युवक मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि मारपीट में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। गोली युवक की गर्दन को छूकर निकल गई। उसे इलाज के लिए विम्स ले जाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पूजा के दौरान शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद आषाढ़ी पूजा के दौरान जातिसूचक गाली देने को लेकर शुरू हुआ था। इस मामले में पहले भी दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार सुबह कड़ाह मोड़ के पास एक पक्ष के लोगों ने मुंचुन राम की दुकान में तोड़फोड़ की और उनके घर पर पथराव किया। घटना में मुंचुन राम समेत तीन लोग घायल हुए थे।

इसे भी पढ़ें: बिहार के 25 पंचायतों में जिम उपकरणों की स्थिति पर सवाल, आरटीआई से मांगा गया ब्योरा

दुकान में तोड़फोड़ के बाद बढ़ा विवाद

इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने मितमा मुसहरी गांव में हमला कर दिया। इस दौरान रोड़ेबाजी के साथ फायरिंग की गई। गोलीबारी में एक युवक की गर्दन को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए विम्स ले जाया गया। लगातार दो दिनों से चल रहे विवाद के बाद गांव में तनाव बढ़ गया।

पांच गिरफ्तार, गांव में पुलिस कैंप

घटना की सूचना मिलने पर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में पुलिस कैंप कर रही है। साथ ही एहतियात के तौर पर फ्लैग मार्च भी निकाला गया। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े विवाद और फायरिंग की घटना की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें: गांव में इलाज के दौरान 43 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप