राँची: रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
करमा पूजा से लौट रही थई पीड़िता
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, राँची द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 22.09.2026 को करमा पर्व की रात पीड़िता के साथ 3-4 अज्ञात युवकों द्वारा दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस संबंध में पीड़िता के लिखित आवेदन पर रातू थाना कांड संख्या 326/26, धारा 70(1)/303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विशेष टीम का हुआ था गठन
कांड की गंभीरता को देखते हुए SSP राँची के निर्देश पर SP ग्रामीण के निर्देशन में DSP मुख्यालय-2 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान मानवीय और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. संदीप मुण्डा उर्फ रावन, उम्र 22 वर्ष
2. सुनील मुण्डा, उम्र 23 वर्ष, दोनों साकिन चटकपुर, थाना रातू, जिला राँची
इसके अलावा दो नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
नशे की हालत में थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी चटकपुर पंचायत में करमा पूजा मेला देखकर नशे की हालत में लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने घटना को अंजाम दिया और पीड़िता के पास से चैन भी छीन ली, जिसे बेच दिया गया।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपी संदीप मुण्डा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है, जिसमें घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। आरोपी संदीप का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और निरुद्ध नाबालिगों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। छापेमारी दल में DSP मुख्यालय-2 अजय आर्यण, रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो सहित रातू थाना और तकनीकी शाखा के कई पदाधिकारी शामिल थे।