Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांचीः ओबीसी अधिकारों को लेकर तेली समाज का फूटा आक्रोश, बुढ़मू में निकाला विशाल मशाल जुलूस

बुढ़मू (रांची): ओबीसी अधिकारों और जातीय जनगणना में उचित भागीदारी की मांग को लेकर तेली समाज ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ठाकुरगांव थाना क्षेत्र स्थित बजरंग चौक (भाटबोडया) में केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति के तत्वावधान में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व तेली समाज के बुढ़मू प्रखंड अध्यक्ष पारिबा साहु ने किया।

जातीय जनगणना में अलग कॉलम और समुचित आरक्षण की मांग

मशाल जुलूस के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि आगामी जातीय जनगणना के प्रारूप में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए एक अलग कॉलम शामिल किया जाए। साथ ही आबादी के अनुपात में पिछड़ी जातियों को समुचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण का पूर्ण अधिकार दिया जाए। वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि पिछड़े समाज के संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बजरंग चौक पर उमड़ा जनसैलाब, लगे गगनभेदी नारे

हाथों में जलती मशालें और संगठन के झंडे थामे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बजरंग चौक से जुलूस की शुरुआत की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने हक-अधिकार की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। मशाल जुलूस में केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठाकुरगांव थाना पुलिस विभिन्न चौक-चौराहों पर मुस्तैद नजर आई। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।