Skip to main content

Panchayat Darpan

|

आईएमए रामगढ़ के अध्यक्ष बने डॉ. सुधीर आर्या, डॉ. दिनेश कुमार को सचिव की जिम्मेदारी

रामगढ़। रांची रोड स्थित सिद्धि विनायक के सभागार में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रामगढ़ शाखा का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इसमें डॉ. सुधीर आर्या ने अध्यक्ष और डॉ. दिनेश कुमार ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का उद्घाटन आईएमए झारखंड के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. अजय कुमार सिंह, आईएमए के सचिव एवं एचबीआई झारखंड के शंभू सिंह तथा झालसा स्टेट कन्वेनर डॉ. बिमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा पर जोर

नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुधीर आर्या ने कहा कि चिकित्सक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं। संगठन के स्तर पर इस पहलू का भी ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सभी चिकित्सकों को एकजुट होकर काम करना होगा। रामगढ़ जिले में आईएमए की मजबूत पहचान बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाना प्राथमिकता रहेगी।

इसे भी पढ़ें: रांचीः चचकोपी रेलवे फाटक के समीप ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

चिकित्सकों की समस्याओं पर संगठन रहेगा साथ

सचिव डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ एसोसिएशन के हित में काम करेंगे। अस्पतालों में काम के दौरान चिकित्सकों के सामने आने वाली समस्याओं को संगठन के स्तर पर उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों पर कई बार लापरवाही के आरोप लगते हैं। ऐसी स्थिति में आईएमए की जिम्मेदारी है कि तथ्यों को सामने रखते हुए चिकित्सकों के पक्ष को समाज तक पहुंचाया जाए।

नई टीम के साथ संगठन को मजबूत करने की तैयारी

कार्यक्रम में चुनाव आयोग के सदस्य डॉ. केएन प्रसाद और डॉ. केके सिंह, निवर्तमान सचिव डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, निवर्तमान कोषाध्यक्ष डॉ. राहुल बरेलिया समेत डॉ. अनुपम सिंह, डॉ. विशाल गुप्ता, डॉ. मधुरिमा प्रसाद, डॉ. गौतम कुमार और डॉ. ऋचा रश्मि सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। नवनियुक्त अध्यक्ष ने वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया और कहा कि मेडिकल से जुड़ी समस्याओं में संगठन चिकित्सकों के साथ खड़ा रहेगा।

इसे भी पढ़ें: रांची–खलारी मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, तीन साल के बच्चे की मौत