पारसनाथ के पहाड़ी इलाके में नक्सलियों की कथित विध्वंसक योजना पर पुलिस और सीआरपीएफ ने पानी फेर दिया है। जिरवाबेड़ा जंगल के पास चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान में सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली है। इस बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में जिरवाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों ने किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है।सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस तथा सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
यह सामान हुआ बरामद
अभियान के दौरान पांच किलोग्राम वजन का एक केन बम, करीब 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल और लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल बरामद किए गए। इसके अलावा एक इमरजेंसी लाइट और ग्रेनेड निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी मिली। कार्रवाई में खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस पदाधिकारी मणिलाल सिंह और उमेश कुशवाहा सिंह के साथ सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम तथा जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।