रांची: कांके थाना क्षेत्र के गोकुल के पास बुधवार 11.30 बजे रात को भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। मृतक की पहचान शनि के रूप में हुई है, जो ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शनि डिलीवरी देने जा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात फॉर्च्यूनर कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर कांके के डीएसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डिलीवरी बॉय की मौत से आक्रोशित ब्लिंकिट के अन्य कर्मियों ने कांके रोड जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गई।