गुमला : इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों की शादी अलग-अलग हो गई, लेकिन संपर्क नहीं टूटा। आखिरकार प्रेमिका से मिलने दिल्ली से एक विवाहित महिला गुरुवार को गुमला पहुंच गई। यहां दोनों ने अपने-अपने पतियों के साथ रहने से इनकार करते हुए साथ जाने की इच्छा जताई। मामला महिला थाना पहुंचा, जहां घंटों तक समझाने-बुझाने का दौर चला। हालांकि, दोनों अपने फैसले पर अड़ी रहीं। गुमला की महिला के मायके वालों के थाना नहीं पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों को लोहरदगा थाना भेज दिया।
जनवरी 2024 में इंटरनेट मीडिया पर हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी काजल कुमारी की जनवरी 2024 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी क्षमा पोरवार से पहचान हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इसी बीच जून 2025 में काजल की शादी गुमला के एक युवक से हो गई। वहीं, क्षमा की शादी भी परिजनों की इच्छा के अनुसार नवंबर 2025 में हो गई। शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही और उनका संपर्क नहीं टूटा।
पति से अलग होकर प्रेमिका से मिलने पहुंची गुमला
बताया जाता है कि दोनों के संबंधों की जानकारी परिवार वालों को हो गई थी। इसके बाद क्षमा अपने पति से अलग होकर गुरुवार को गुमला पहुंची और काजल से मिली। इसकी जानकारी मिलने पर काजल के ससुराल वाले दोनों को लेकर महिला थाना पहुंचे। वहां दोनों महिलाओं से पूछताछ और समझाने-बुझाने का सिलसिला शुरू हुआ।
काजल बोली—पति के साथ नहीं रहना, प्रेमिका के साथ जाऊंगी
महिला थाना में काजल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उसे शुरू से ही पुरुषों के प्रति आकर्षण नहीं था और उसके माता-पिता ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी करा दी थी। उसने पति के साथ रहने से इनकार करते हुए क्षमा के साथ दिल्ली जाने की इच्छा जताई। दूसरी ओर, क्षमा भी अपने फैसले पर अडिग रही। दोनों के निर्णय के बाद पुलिस ने काजल के माता-पिता से फोन पर संपर्क कर उन्हें थाना बुलाया, लेकिन उन्होंने गुमला आने से इनकार कर दिया।
लिखित शिकायत नहीं, लोहरदगा थाना भेजी गईं दोनों महिलाएं
महिला थाना प्रभारी शिल्पा कुजूर ने बताया कि इस मामले में थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। दोनों महिलाएं थाना पहुंची थीं। गुमला की महिला के मायके वालों को बुलाया गया, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद दोनों को लोहरदगा थाना भेज दिया गया।