Skip to main content

Panchayat Darpan

|

झारखंड के चाईबासा में बारिश ने बिगाड़ी जिंदगी, जलजमाव के बीच बह गई पुलिया

पश्चिमी सिंहभूम। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। चाईबासा शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जबकि अमला टोला स्टेशन रोड में बारिश और नाले का पानी घरों में घुसने से कुछ कच्चे मकान गिर गए। हालांकि, समय रहते लोगों के सुरक्षित स्थानों पर चले जाने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दूसरी ओर, मनोहरपुर-आनंदपुर मार्ग पर कुडना गांव के पास पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे मनोहरपुर-रांची मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

इसे भी पढ़ें: बंदुआ पंचायत के गांवों में नशे पर लगा प्रतिबंध, निगरानी टीम बनाने का लिया निर्णय

सोमवार की आधी रात अमला टोला स्टेशन रोड में बारिश और नाले का पानी घरों में घुस गया। पानी के दबाव से कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर पड़ गईं और कुछ मकान धराशायी हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्थिति बिगड़ने से पहले कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे। बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और सदर चाईबासा के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया। प्रभावित परिवारों के लिए स्थानीय धर्मशाला में ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जा रही है।

इसे भी पढ़ें: ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब एफसी छाता के नाम रहा

बारिश का असर चाईबासा के कई इलाकों में दिखाई दिया। गाड़ी खाना, गुरुद्वारा रोड, टुंगरी रोड और डीआईजी आवास के पास की सड़कों पर पानी जमा रहा। नगर परिषद और प्रशासन की टीम जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने में जुटी रही। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश भी मौजूद रहे। सदर एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि लगातार बारिश से बनी स्थिति पर प्रशासन नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ रहने और भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: सड़क की बदहाली पर भड़के ग्रामीण, प्रदर्शन कर आवागमन रोका

कुडना में बह गई पुलिया, मनोहरपुर-रांची मार्ग पर थमा आवागमन

मनोहरपुर क्षेत्र में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद कुडना गांव के पास स्थित पुलिया नदी के तेज बहाव में बह गई। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद यात्री बस, स्कूल बस और दूसरे वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। यह मार्ग मनोहरपुर को रांची से जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। पुलिया बहने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। रोजाना इस रास्ते से आने-जाने वाले ग्रामीणों, कर्मचारियों, यात्रियों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। पुलिया टूटने से आसपास के कई गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

इसे भी पढ़ें: शिवनाथपुर पंचायत की बदहाल सड़कों से ग्रामीण परेशान, सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

TOP10 Industrial & Political News of Jharkhand

हमारी खबरों तथा लेखों पर आप अपने सुझाव या प्रतिक्रिया हमें वाट्सऐप के माध्यम से +918210780320 पर भेज सकते हैं अथवा हमें editor.pd@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं।

One thought on “झारखंड के चाईबासा में बारिश ने बिगाड़ी जिंदगी, जलजमाव के बीच बह गई पुलिया

Comments are closed.