झारखंड में सितंबर महीने की शुरुआत मॉनसून के लिहास से काफी अच्छी रही. जुलाई और अगस्त महीने की बारिश को सितंबर महीने की शुरुआत में हुई बारिश ने पूरा कर दिया. भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची की तरफ से जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार अगले वाले दो और तीन सितंबर को भी झारखंड के सभी जिलों में अच्छी बारिश देखने के लिए मिलेगी. बंगााल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल उत्तरी ओडिशा तट पर बने लो प्रेशर एरिया के कारण झारखंड में झमाझम बारिश हो रही है.
उफान पर नदियां
बीते 48 घंटे से हो रही झमाझम बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं. कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. इससे बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. मौसम विभाग की तरफ से राज्य के कई नदियो में फ्लैश फ्लड आने का अंदेशा जताया है और इससे संबंधित चेतावनी भी जारी की है. भारी बारिश के बाद पलामू स्थित कोयल नदी पूरे उफान पर है. इसके बाद पलामू में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
खतरे के निशान से उपर पहुंची खरकई
जमशेदपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण तटीय इलाकों के लोगों में चिंताजनक बनी हुई है. शहर की दो मुख्य नदियां खरकई और स्वर्णरेखा लगातार हो रही बरसात से रौद्र रूप धारण कर चुकी हैं और इनका जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.खरकई नदी खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है. वहीं स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान को पार कर चुकी है. चांडिल डैम और गालूडीह बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदियों का प्रवाह विकराल हो गया है. इसके कारण तटीय और निचले इलाकों में भारी जलजमाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है. कई बस्तियों और निचले क्षेत्रों में नदी का पानी प्रवेश करने लगा है.

रांची में डैम का बढ़ा जलस्तर
इधर राजधानी रांची में भी सोमवार को दोपहर बाद बारिश शुरू हुई. इसके बाद रात भर गरज के साथ बारिश हुई, लगातार हुई बारिश के कारण नालों का पानी सड़कों पर आ गया. साथ ही मंगलवार को भी राजधानी रांची में अच्छी बारिश दर्ज की गई. रांची में लगातार हुई बारिश के बाद कांके और धुर्वा डैम का जलस्तर बढ़ गया है. जो इस साल के अब तक का सबसे अधिकतम स्तर है.
पश्चिमी झारखंड में कल बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आंनद की तरफ से जारी अधिकारिक बयान में बताया गया है कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है इसके प्रभाव से झारखंड के कई स्थानों पर भारी से भारी बारिश हुई है. साथ ही कहा कि अगले 48 घंटो तक झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. दो सिंतबर के मौसम का पूर्वानुमान बताते हुए उन्होंने कहा कि यह निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम की तरफ आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से पलामू और इससे सटे हुए इलाकों में भारी बारिश देखने के लिए मिल सकती है. हालांकि तीन सिंतबर के बाद से यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और बारिश में थोड़ी कमी देखने के लिए मिलेगी.