अनूप कुमार साहू की रिपोर्ट
ठाकुरगांव: आजसू पार्टी के तत्वावधान में बुढ़मू प्रखंड अंतर्गत भांटबोड़या मैदान में शुक्रवार को कांके विधानसभा स्तरीय भव्य करम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, रांची जिलाध्यक्ष संजय कुमार महतो, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी एवं पूर्व जिप उपाध्यक्ष पार्वती देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समृद्ध है झारखंड की कला और संस्कृतिः सुदेश महतो
समारोह को संबोधित करते हुए आजसू अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि करम पर्व भाई-बहन के असीम प्रेम और प्रकृति के प्रति समर्पण का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में झारखंड की समृद्ध कला, परंपरा और प्राकृतिक पर्वों को सहेजकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर देर शाम तक थिरकते रहे लोग
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। पद्मश्री महावीर नायक, इग्नेश कुमार तथा लोक कला मंच कोराबार के कलाकारों ने पारंपरिक करम गीतों और मांदर की थाप से पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक धुनों पर हजारों की संख्या में उपस्थित लोग देर शाम तक झूमते नजर आए। इस अवसर पर खलारी, बुढ़मू, कांके समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं पार्टी कार्यकर्ता जुटे।
इनका रहा सराहनीय योगदान
महोत्सव को सफल बनाने में कांके प्रखंड अध्यक्ष लाल अमन शाहदेव, बुढ़मू प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, डॉ. मदन, रूपलाल महतो, रामकृष्ण महतो, राजू नायक, सूरज महतो, संजय पाहन, रवि महतो एवं परिबा साहु समेत कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय व सराहनीय भूमिका निभाई।