प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के संचालन के लिए झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकारण ने लेखापाल-सह-लिपिक (Accountant-cum-Clerk) के एक पद पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किया है। विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत होनेवाली इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थी को 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीकॉम की डिग्री में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से एडीसीए (ADCA) की योग्यता भी अनिवार्य रखी गयी है। अभ्यर्थी को टैली और पीएफएमएस आधारित लेखा कार्य का ज्ञान होना चाहिए। चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) इंटर की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के अलावा सरकारी या गैर-सरकारी कार्यालय अथवा संस्था में लेखा संबंधी कार्य का कम से कम दो वर्ष का अनुभव भी जरूरी है। नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी। प्रारंभ में चयन एक वर्ष के लिए किया जाएगा और संतोषजनक सेवा के आधार पर इसकी अवधि बढ़ायी जा सकती है।
अलग-अलग श्रेणी के लिए अधिकतम आयु सीमा तय, दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त छूट
आयु सीमा की गणना एक जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी। अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित है, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह सीमा 45 वर्ष होगी। पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 47 वर्ष रखी गयी है। महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष और दिव्यांग महिला अभ्यर्थियों के लिए 48 वर्ष निर्धारित की गयी है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 50 वर्ष होगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का झारखंड राज्य का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग एवं राज्य भाषा विभाग, झारखंड की ओर से परिभाषित स्थानीय निवासी संबंधी प्रावधान लागू होंगे। आवेदन के साथ आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक/तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और निवास प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

लिखित परीक्षा और कौशल जांच से चयन, 15 अक्तूबर तक आवेदन का मौका
लेखापाल-सह-लिपिक पद पर अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और कौशल जांच के आधार पर तैयार मेधा सूची के माध्यम से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी और अन्य शर्तें विभागीय विज्ञापन में दी गयी हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन तैयार कर विभाग की वेबसाइट www.pmposhan.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गयी है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गयी सभी शर्तों, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से पढ़ने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति संविदा आधारित होगी और इससे नियमित सरकारी नौकरी का दावा मान्य नहीं होगा। नियुक्ति की अवधि के दौरान संतोषजनक सेवा रहने पर संविदा की अवधि बढ़ायी जा सकती है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन में उपलब्ध विस्तृत निर्देशों का पालन करना होगा।
One thought on “झारखंड मध्याह्न भोजन प्राधिकारण में लेखापाल-सह-लिपिक की भर्ती, एक पद के लिए 15 अक्तूबर तक आवेदन”
Comments are closed.