Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची:रातू थाना क्षेत्र में इंटर की छात्रा के साथ गैंगरेप मामले में झालसा और डालसा ने लिया संज्ञान

रातू थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय इंटर की छात्रा बीती शाम करीब 7:30 बजे ट्यूशन पढ़कर अपने घर वापस लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. विरोध करने पर दरिंदों ने पीड़िता के साथ मारपीट भी की. इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है.वहीं न्यायपालिका और विधिक सेवा प्राधिकार की त्वरित पहल से पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद बंधी है।

झालसा ने लिया संज्ञान

इस घटना पर संज्ञान लेते हुए झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार राँची को तत्काल पीड़िता और उसके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है.रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा के निर्देश के बाद डालसा के सचिव राकेश रौशन ने तुरंत हरकत में आते हुए एक विशेष टीम का गठन किया. इस टीम में पीएलवी पुनम देवी और पुष्पलता देवी को शामिल किया गया.

यह भी पढ़ेंः निशा भगत आत्महत्या मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने लिया संज्ञान, पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर

 

पीड़िता को मिलेगी कानूनी सहायता

वहीं डालसा सचिव ने खुद पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से मिलने वाली सभी निःशुल्क कानूनी सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया. पीड़िता से मुआवजा के लिए आवेदन भरवाकर आगे की कार्रवाई के वास्ते पीड़ित मुआवजा समिति को भेज दिया गया है. अदालत में न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ने के लिए डालसा की ओर से प्रो-बोनो अधिवक्ता ममता श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही रातू थाना क्षेत्र के लिए एक पीएलवी को सपोर्ट पर्सन के रूप में नियुक्त किया गया है ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिलती रहे. डालसा सचिव ने रातू थाना प्रभारी से संपर्क कर पूरे मामले की अद्यतन जानकारी ली और मामले में निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.