देवघर। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला खनन पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जांच और छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन करते चार ट्रैक्टर जब्त किए गए।
अभियान का नेतृत्व खान निरीक्षक आकाश कुमार सिंह ने पुलिस के सहयोग से किया। जसीडीह थाना क्षेत्र में बिहार सीमा से जुड़े मार्गों पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के वैध कागजात और चालान की जांच की गई। जिन वाहनों के कागजात और चालान सही पाए गए, उनके चालकों को सुरक्षित परिवहन और विभागीय नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही अवैध परिवहन से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
इसे भी पढ़ें: भारतीय कृषि में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्णः भारतीय किसान संघ
तीन थाना क्षेत्रों में पकड़े गए वाहन
जांच के दौरान कुंडा थाना क्षेत्र के बासमता-चांदडीह के पास, सारवां थाना क्षेत्र के मनीगढ़ी के समीप और मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के मार्गोमुंडा चौक के पास बालू का अवैध परिवहन करते चार ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों को सौंप दिया गया है। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीमावर्ती इलाकों में चेकपोस्ट बनाने की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन में शामिल वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने नगर के प्रमुख स्थलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में माइनिंग चेकपोस्ट स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि इससे खनिजों के अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: अल नीनो का संकट: देश के 53% हिस्से में सूखे के हालात, कृषि और अर्थव्यवस्था पर बढ़ा दबाव