Skip to main content

Panchayat Darpan

|

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च किया NSP, कृषि छात्रों को हर माह DBT से मिलेगी छात्रवृत्ति

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ICAR-IARI, पूसा में कृषि छात्रों के लिए National Scholarship Portal (NSP) के माध्यम से छात्रवृत्ति और फेलोशिप राशि जारी की। इस पहल के तहत 6,000 से अधिक छात्रों के लिए कुल 21.35 करोड़ रुपये Direct Benefit Transfer (DBT) के जरिए जारी किए गए। नई व्यवस्था में कृषि छात्रों को छात्रवृत्ति राशि हर महीने सीधे खाते में मिलने की बात कही गई है, जिससे भुगतान में देरी और अनावश्यक परेशानी कम होगी।

इसे भी पढ़ें: भारत की नीली क्रांति: बढ़ता उत्पादन, चमकता निर्यात और सामने खड़ी बड़ी चुनौतियां

समय पर मिले छात्रवृत्ति, यही व्यवस्था की असली परीक्षा

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छात्रवृत्ति सिर्फ आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि कृषि शिक्षा को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा, प्रवेश और भुगतान, तीनों काम समय पर होना चाहिए। NSP-DBT व्यवस्था से छात्रवृत्ति वितरण को पारदर्शी और सरल बनाने में मदद मिलेगी तथा छात्रों को राशि मिलने को लेकर अनिश्चितता कम होगी।

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ा मानव-हाथी संघर्ष, दो दशकों में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत

कक्षा के साथ खेत और प्रयोगशाला का अनुभव जरूरी

कृषि शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए चौहान ने कहा कि केवल कक्षा में पढ़ाई से अच्छे किसान, वैज्ञानिक या कृषि उद्यमी तैयार नहीं हो सकते। छात्रों को खेत, प्रयोगशाला और कृषि की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने सुझाव देने और कृषि शिक्षा में सुधार के लिए नए विचार सामने लाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप, अनुसंधान और नवाचार के जरिए नए समाधान तलाशने चाहिए।

इसे भी पढ़ें: पलामू में यूरिया-डीएपी की कालाबाजारी पर सख्ती, दुकानों की नियमित जांच के निर्देश

खाद्य सुरक्षा के साथ किसानों की आय बढ़ाना प्राथमिकता

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के लिए खाद्य सुरक्षा, पोषण और किसानों की आय की सुरक्षा कृषि क्षेत्र की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने ICAR के वैज्ञानिकों के शोध और किसानों की मेहनत को देश की कृषि प्रगति से जोड़ते हुए कहा कि दोनों के प्रयासों से खाद्यान्न भंडार मजबूत हुआ है। उन्होंने कृषि छात्रों से बड़े लक्ष्य तय करने और देश के लिए उपयोगी काम करने की अपील की। साथ ही ‘हरियाली अमावस्या’ के अवसर पर देशभर के ICAR संस्थानों में पौधरोपण अभियान चलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, ICAR के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट, सचिव ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, उप महानिदेशक डॉ. यशपाल सिंह मलिक और IARI निदेशक डॉ. सी. श्रीनिवास राव सहित वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और छात्र मौजूद रहे। हजारों छात्रों ने कार्यक्रम में ऑनलाइन भी भाग लिया।

इसे भी पढ़ें: बिहार के 25 पंचायतों में जिम उपकरणों की स्थिति पर सवाल, आरटीआई से मांगा गया ब्योरा