Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची में चीनी के दाम थमे, 63 रुपए किलो पर स्थिर; तेजी पर लगा ब्रेक

रांची में चीनी की कीमतों को लेकर लगातार बढ़ती तेजी के बीच अब बाजार ने राहत के संकेत दिए हैं। पंडरा थोक मंडी में चीनी की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ और बेहतर गुणवत्ता वाली चीनी 63 रुपए प्रति किलो पर ही बिकती रही। कारोबारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार की घोषणा के बाद बाजार में तेजी को लेकर बनी धारणा कमजोर हुई है। पिछले दिनों ऊंचे स्तर तक पहुंची चीनी की कीमत अब फिलहाल स्थिर नजर आ रही है। व्यापारियों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में आने वाले दिनों में कीमत में बड़ी तेजी की संभावना कम है। हालांकि, बाजार की चाल पर कारोबारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: रांची में पहली बार लगा झारखंड-बिहार का पहला डिस्ड्रोमीटर, अब बारिश की हर बूंदों का मिलेगा हिसाब

रांची में हर दिन आ रहा 4 हजार क्विंटल चीनी

बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव को देखते हुए कारोबारी अपने पास मौजूद स्टॉक को जल्द निकालने में लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में बाजार में नरमी आती है, तो ज्यादा स्टॉक रखने पर नुकसान हो सकता है। इसलिए मौजूदा कीमत पर ही माल निकालने की कोशिश की जा रही है। पंडरा मंडी में रोज करीब 4 हजार क्विंटल चीनी की आवक होती है। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से बड़ी मात्रा में चीनी रांची पहुंचती है। कारोबारियों के अनुसार, अगर इन दोनों राज्यों से सप्लाई सामान्य बनी रही तो स्थानीय बाजार में चीनी की उपलब्धता पर्याप्त रहेगी। ऐसे में कीमत पर अचानक दबाव बढ़ने की संभावना कम होगी और फिलहाल बाजार में स्थिरता बनी रह सकती है।

इसे भी पढ़ें: फोरलेन निर्माण कैंप में घुसे अपराधी, दो मजदूरों को मारी गोली

गुड़ की कीमत भी नहीं बदली, 65 रुपए किलो तक भाव

चीनी के साथ गुड़ की कीमत भी शुक्रवार को स्थिर रही। पंडरा मंडी में बेहतर गुणवत्ता वाला गुड़ 63 से 65 रुपए प्रति किलो और मीडियम क्वालिटी का गुड़ 40 से 57 रुपए प्रति किलो बिका। कारोबारियों का कहना है कि गुड़ के बाजार में भी फिलहाल तेजी का कोई स्पष्ट संकेत नहीं है। मांग और उपलब्धता सामान्य रहने से कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गुड़ के दाम में भी बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी। चीनी और गुड़ दोनों की कीमत स्थिर रहने से थोक कारोबारियों के साथ खुदरा बाजार को भी राहत मिलने की उम्मीद है।