भाई और बहन के पवित्र औऱ अटूट रिश्ते का त्योहार पूरे देश में मनाया जा रहा है. रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी स्नेह, विश्वास, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है . सोशल मीडिया (X) पर उन्होंने लिखा कि इस पावन अवसर पर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास एवं सम्मान के रिश्ते को और मजबूत करने का सौभाग्य मिला.
कृषि तकनीक और सहयोग पर चर्चा
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की फिलहाल कर्नाटक यात्रा पर हैं औऱ अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे से भी मुलाकात की और उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी. बैठकों के दौरान राजनीतिक और समकालीन मुद्दों के साथ-साथ झारखंड में कृषि, पशुपालन और सहकारिता क्षेत्र के विकास पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. उन्होंने झारखंड औऱ कर्नाटक दोनों राज्यों के बीच कृषि और पशुपालन पर सहयोग की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया. सा ही कहा कि दोनों राज्य मिलकर कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग करेंगे औऱ नई तकनीकों का आदान-प्रदान करेंगे. इनमें पशुधन प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण (मिल्क प्रोसेसिंग) जैसी चीजें शामिल हैं.
पशुपालन से मजबूत हुई है ग्रामीण अर्थव्यवस्था
शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि कर्नाटक ने कृषि, डेयरी और सहकारिता के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं. दोनों राज्यों के बीच ज्ञान और अनुभवों के साझा होने से झारखंड के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. बता दें कि झारखंड में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की सरकारी योजनाएं चलाई जा रही है और मिल्क कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं. किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दूध पर प्रति लीटर पांच रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है, पशुपालन के अलावा कृषि क्षेत्र को भी मजबूत करने के लिए सरकार कार्य कर रही है.