ठाकुरगांव: बुढ़मू प्रखंड अंतर्गत चलनिया गांव में रविवार को ऐतिहासिक बाघलता जलप्रपात के सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर ग्रामीणों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संदीप कुमार महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता, शिक्षाविद सह समाजसेवी स्वामी देवेंद्र प्रकाश उपस्थित रहे।
बुनियादी संरचनाओं के निर्माण पर जोर
बैठक में ग्रामीणों ने जलप्रपात तक पहुंचने वाले जर्जर संपर्क मार्ग, समुचित प्रकाश व्यवस्था का अभाव और सीढ़ी निर्माण जैसी बुनियादी जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा कि बाघलता जलप्रपात में पर्यटन की असीम संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन न्यूनतम नागरिक सुविधाओं की कमी के कारण यहां आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अधिकारियों और सरकार के समक्ष उठाई जाएगी मांग: स्वामी देवेंद्र प्रकाश
मुख्य अतिथि स्वामी देवेंद्र प्रकाश ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बाघलता जलप्रपात के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पर्यटन विभाग के सचिव और रांची के उपायुक्त से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से जलप्रपात तक पक्की सड़क, प्रकाश प्रबंध, सीढ़ियों के निर्माण सहित अन्य पर्यटक सुविधाएं बहाल करने का पुरजोर आग्रह किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से गबेश्वर महतो, उदय कुमार, राजेंद्र महतो, किशुन मुंडा, रामनाथ महतो, सुरेश महतो, राजेश महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।