Skip to main content

Panchayat Darpan

|

BBMKU, धनबाद में 42 हजार सीटों पर सिर्फ 13,613 एडमिशन, आठ कॉलेजों में 100 से भी कम नामांकन

विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) धनबाद के 13 अंगीभूत, एक अल्पसंख्यक और 22 संबद्ध कॉलेजों में यूजी सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गयी है। विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार 42 हजार सीटों के मुकाबले सभी 36 कॉलेजों को मिलाकर अब तक सिर्फ 13,613 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। कॉलेजवार आंकड़े कई संबद्ध कॉलेजों की चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहे हैं।

आठ कॉलेज ऐसे हैं, जहां नामांकन 100 से भी कम है। इनमें मेहंदी बाउरी डिग्री कॉलेज, चंदनकियारी में महज दो विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। एनपी सांध्याकालीन स्नातक महाविद्यालय में 32, बोकारो थर्मल सांध्याकालीन डिग्री कॉलेज में 35, पीएनएम कॉलेज गोमो में 40, तैयब मेमोरियल इवनिंग डिग्री कॉलेज में 42, तेनुघाट महाविद्यालय में 45, शमशुल हक मेमोरियल इवनिंग डिग्री कॉलेज में 58 और जेएसएम कॉलेज फुसरो में 90 नामांकन हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: पलामू में सखी मंडल की दीदियों के राखी बिक्री केंद्र का शुभारंभ, 40 हजार राखियां बनाने का लक्ष्य

अंगीभूत कॉलेजों में आरएस मोर में सर्वाधिक 8,290 नामांकन

बीबीएमकेयू के 13 अंगीभूत कॉलेजों में नामांकन की स्थिति संबद्ध कॉलेजों से बेहतर है। आरएस मोर कॉलेज, गोविंदपुर में सर्वाधिक 1,267 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। इसके बाद कतरास कॉलेज में 1,001, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज में 948, बीएसके कॉलेज मैथन में 896 और एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में 815 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।

वहीं चास कॉलेज में 648, बीएस सिटी कॉलेज में 525, डिग्री कॉलेज झरिया में 533, केबी कॉलेज बेरमो में 433, सिंदरी कॉलेज में 420 और डिग्री कॉलेज गोमिया में 406 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है। आरएसपी कॉलेज झरिया में 261 और डिग्री कॉलेज टुंडी में सबसे कम 137 नामांकन हुए हैं। सभी अंगीभूत कॉलेजों को मिलाकर 8,290 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है, जो विश्वविद्यालय के कुल 13,613 नामांकन का 60.90 प्रतिशत है। अल्पसंख्यक गुरुनानक कॉलेज में भी 941 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है, जो कुल नामांकन का करीब 6.91 प्रतिशत है।

संबद्ध कॉलेजों में केवल 4,382 दाखिले

बीबीएमकेयू के 22 संबद्ध कॉलेजों में कुल 4,382 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। यह विश्वविद्यालय में हुए कुल नामांकन का 32.19 प्रतिशत, यानी करीब एक-तिहाई है। संबद्ध कॉलेजों में एसएस कॉलेज, चास 919 नामांकन के साथ सबसे आगे है। इसके बाद केएसजीएम कॉलेज, निरसा में 365, राजगंज डिग्री कॉलेज में 279, डिग्री कॉलेज बाघमारा में 278 और डीएची महिला कॉलेज, कतरास में 280 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। कई कॉलेजों में दहाई तक सिमटा नामांकन उच्च शिक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।

खासकर ग्रामीण और छोटे शहरों में संचालित कॉलेजों में कम संख्या यह संकेत दे रही है कि विद्यार्थी स्थानीय कॉलेजों के बजाय दूसरे विकल्पों की ओर जा रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार सीयूइटी के कारण विद्यार्थियों के सामने देशभर के केंद्रीय और अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश का विकल्प खुल गया है। बीबीएमकेयू के साइकोलॉजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ आरएस यादव के अनुसार पहले धनबाद और आसपास के परिवार बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय कॉलेजों में रखना पसंद करते थे, लेकिन अब अभिभावकों की सोच बदली है। वे बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में भी भेज रहे हैं। ऐसे में स्थानीय संबद्ध कॉलेजों में लगातार कम होता नामांकन विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन रहा है।

इसे भी पढ़ें: सीएसआर पहल के तहत पेटो में महिलाओं का सिलाई प्रशिक्षण शुरू हुआ

One thought on “BBMKU, धनबाद में 42 हजार सीटों पर सिर्फ 13,613 एडमिशन, आठ कॉलेजों में 100 से भी कम नामांकन

Comments are closed.