राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के राजाउलातू स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी के पास बुधवार को बीटेक छात्र मनीष कुमार का शव उसके किराए के कमरे से बरामद किया गया। मृतक हजारीबाग जिले के पेटो गांव का निवासी था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, मनीष यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और परिसर के पास किराए के मकान में रहता था। पहले वह एक अन्य छात्र के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले रूममेट के चले जाने के बाद अकेले रह रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। कमरे के अंदर देखने पर मनीष का शव मिला। सूचना मिलने पर नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।थाना प्रभारी राम नारायण सिंह के अनुसार, पुलिस मृत छात्र के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।