भारतीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम, रांची द्वारा अपने 103वें स्थापना दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। वर्ष 1924 में आज ही के दिन संस्थान की स्थापना की गई थी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के उपमहानिदेशक (कृषि विस्तार एवं कृषि अभियांत्रिकी) डॉ. राजबीर सिंह और बतौर विशिष्ट अतिथि आईसीएआर नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक (प्रक्षेत्र अभियांत्रिकी) डॉ. के.पी. सिंह आॉनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. अभिजीत कर ने संस्थान की उपलब्धियों एवं सफलताओं पर एक प्रस्तुति दी तथा कार्यवयन की जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला।
संस्थान के अनुसंधान एवं विकास प्रयासों की सराहना
अपने संबोधन में डॉ. राजबीर सिंह ने संस्थान के 103वें स्थापना दिवस पर निदेशक एवं समस्त कार्मिकों को बधाई देते हुए संस्थान के अनुसंधान एवं विकास प्रयासों की सराहना की और साथ ही साथ परिषद के विभिन्न संस्थानों एवं वैज्ञानिकों के बीच एक आपसी सामंजस्य और अनुसंधानिक गतिविधियों के साझा करने के प्रयासों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जतलाई। विशिष्ट अतिथि डॉ. के.पी. सिंह ने संस्थान के 103वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में हमें संस्थान के अधिदेश आधारित अनुसंधानिक क्रियाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है जिससे किसानों एवं अन्य हितधारकों के विकास की संभावनाएं प्रबल हो।

वार्षिक गृह पत्रिका ‘लाक्षा 2026’ का विमोचन
इस अवसर पर, संस्थान में दिनांक 1 से 15 सितम्बर 2026 तक आयोजित की गई हिंदी उल्लास पखवाड़ा प्रतियोगिता के विजेताओं को मंचासीन सदस्यों के कर-कमलों से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में संस्थान की वार्षिक गृह पत्रिका ‘लाक्षा 2026’ का विमोचन भी किया गया एवं “लाक्षा – 2025” के उत्कृष्ट आलेख हेतु पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में डॉ. मुहम्मद फ़हीम अंसारी ने स्वागत भाषण तथा डॉ देबबंद्या महापात्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
One thought on “भारतीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान के पूरे हुए 103 वर्ष, वार्षिक गृह पत्रिका ‘लाक्षा 2026’ का विमोचन”
Comments are closed.