ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक एवं पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने गिरिडीह प्रखंड के पंचायत सहायकों का 6 माह से मानदेय बकाया रहने को अन्याय बताते हुए तत्काल इसका भुगतान करने की मांग की है। आज समाहरणालय में बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर पहुंचे कई पंचायत सहायकों से मिलकर उनकी समस्याओं को अवगत होने के बाद राजेश यादव में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि एक तो इनका मानदेय सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से भी काफी कम है, दूसरी ओर इनसे सरकार द्वारा लिए जाने वाले काम की कोई सीमा नहीं है।
6 माह से नहीं मिला है मानदेय
पंचायत सहायकों ने बताया कि, उनमें से अधिकांश का 6 माह से मानदेय बकाया है, जबकि कई ऐसे भी पंचायत सहायक हैं जिनका साल-डेढ़ साल से मानदेय बकाया रखा गया है। ऐसे में उनके लिए परिवार का जीवन यापन कठिन हो गया है। दुर्गापूजा सामने है, उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उनकी बातें सुन राजेश यादव ने बताया कि, ढाई हजार रुपए से किसी का भी परिवार चलना मुश्किल है, लेकिन वह भी उन्हें समय पर नहीं मिलता है। ऊपर से इनसे काम भी असीमित लिया जाता है, जिससे इस कार्य के अलावा अपने जीवन यापन के लिए कोई दूसरा काम भी ये नहीं कर सकते।

सरकार से रखी मांग
कहा कि, यह स्थिति बहुत दुखद है। इसलिए वे सरकार से मांग करते हैं कि, इनका मानदेय इनके काम के अनुसार कम-से-कम इतना तो निश्चित किया ही जाए, जिससे परिवार का भरण-पोषण ठीक से हो सके। पंचायत सहायकों ने जहां मानदेय भुगतान को लेकर डीसी से मुलाकात की, वहीं राजेश यादव ने भी इस संबंध में गिरिडीह प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के मोबाइल नंबर पर फोन कर तत्काल मानदेय भुगतान का आग्रह किया। मौके पर पार्टी नेता मनोज कुमार यादव सहित पंचायत सहायक प्रदीप पासवान, जितेंद्र कुमार वर्मा, मनोज कु तुरी, संतोष पांडेय, पंकज वर्मा, शिवकुमार वर्मा, राम प्रसाद शर्मा, अवध किशोर यादव, सोनू, अरुण एवं अन्य मौजूद थे।