पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के किसानों के खाते में 24वीं किस्त की राशि भेजी गई। बनाकसाठा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24वीं किस्त जारी की। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद –राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम, रांची में किया गया. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, भारत सरकार, रामनाथ ठाकुर इस मौके पर मौजूद रहे। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त के अंतर्गत लगभग 18,700 करोड़ रुपये की राशि जारी की, जिससे देशभर के लगभग 9.34 करोड़ किसान लाभान्वित हुए। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में विभिन्न बुनियादी ढाँचे से संबंधित विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

समुद्री खाद्य निर्यात दोगुना हुआ हैः पीएम मोदी
देश को संबोधित करते हुए माननीय प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में हुई प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में देश में दूध का उत्पादन लगभग 1.6 गुना बढ़ा है, जिसमें पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं विकास तथा समय पर पशु टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने मधुर क्रांति के माध्यम से भारत के विश्व का दूसरा सबसे बड़ा शहद उत्पादक देश बनने का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल के वर्षों में देश का समुद्री खाद्य निर्यात भी दोगुना हुआ है।

किसानों के विकास के लिए दी सलाह
संस्थान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने संस्थान के भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा अधिकारियों द्वारा किए गए स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कृषि अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें खेती से जुड़ी आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को इस राशि का उपयोग अच्छी गुणवत्ता वाले अधिक उपज देने वाले बीजों तथा अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की खरीद में करने की सलाह दी, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
यह भी पढ़ेंः दुमका में 84 साल के रिटायर्ड शिक्षक ने 5 कट्ठा में उगाया पान, किसानों को दिखा रहे कमाई की राह

देश में कृषि बजट पांच गुणा बढ़ा हैः मंत्री
माननीय मंत्री ने आगे बताया कि पिछले 12 वर्षों में माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश का कृषि बजट लगभग पाँच गुना बढ़ा है, जिससे किसानों के कल्याण, कृषि से जुड़े बुनियादी ढाँचे के विकास तथा कृषि अनुसंधान एवं विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सके हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित 415 किसानों को पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के साथ-साथ कृषि विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा किसानों के कल्याण के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। इस दौरान कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार फ्रैंकलिन एल. खोबुंग, झारखंड सरकार के कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण निदेशक एवं उद्यानिकी निदेशक; डॉ. अभिजीत कर, निदेशक, भाकृअनुप–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, निदेशक, भाकृअनुप–भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान तथा प्रमुख, भाकृअनुप–पूर्वी क्षेत्र अनुसंधान परिसर, प्लांडू, रांची सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

One thought on “ICAR-NISA में हुआ पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने का सीधा प्रसारण, राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर रहे मौजूद”
Comments are closed.