गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड की कुसुमघाटी पहाड़िया बस्ती में आदिम जनजातीय समुदाय के कार्डधारकों को डाकिया योजना के तहत तीन महीने से राशन नहीं मिला है। जुलाई, अगस्त और सितंबर का राशन लंबित रहने से दर्जनों ग्रामीणों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रत्येक कार्डधारी को करीब एक क्विंटल पांच किलो के हिसाब से राशन मिलना है, लेकिन लगातार तीन महीने से अनाज का वितरण नहीं हुआ है। राशन के इंतजार में ग्रामीण कई बार प्रखंड कार्यालय और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों के बीच अनाज की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। देवनारायण मालतो समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि राशन नहीं मिलने की जानकारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) के साथ पंचायत के मुखिया और उनके प्रतिनिधि को भी दी गई है। इसके बावजूद समय पर राशन नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : कोडरमा में मुखिया पर लगा मुआवजा राशि में घूस लेने का आरोप, डीसी से पास सौंपा गया आवेदन
2022 में ही भर चुके कार्ड के कॉलम, नया राशन कार्ड भी नहीं मिला
ग्रामीणों ने बताया कि उनके राशन कार्ड में वर्ष 2022 में ही राशन वितरण से संबंधित सभी कॉलम भर चुके हैं। इसके बाद भी अब तक उन्हें नया राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। कार्ड में जगह नहीं बचने के कारण कई लाभुकों के राशन वितरण की जानकारी कार्ड में दर्ज नहीं हो पा रही है। ऐसे में संबंधित कर्मियों को कॉपी में राशन वितरण की जानकारी लिखकर रखनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर राशन कार्ड से जुड़ी समस्या बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर तीन महीने से अनाज नहीं मिलने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। पहाड़िया बस्ती के लोगों का कहना है कि वे सीमित संसाधनों में जीवन-यापन करते हैं और सरकारी राशन उनके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में लगातार राशन नहीं मिलने से घर का चूल्हा जलाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकारी योजना के तहत मिलने वाला अनाज ही समय पर नहीं मिलेगा तो वे अपने परिवार का पेट कैसे भरेंगे।
इसे भी पढ़ें : ऐतिहासिक बाघलता जलप्रपात के सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रामीणों की बैठक, वित्त मंत्री व डीसी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
एमओ ने कहा- जुलाई-अगस्त का राशन बुधवार तक मिलेगा
लगातार राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि जल्द लंबित राशन का वितरण नहीं किया गया और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बोआरीजोर प्रखंड मुख्यालय का घेराव करेंगे। मामले में बोआरीजोर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमन शैलेश मुर्मू ने बताया कि कुसुमघाटी में दो महीने का राशन पहले से ही बकाया चल रहा है। उन्होंने बताया कि सितंबर महीने के राशन के लिए लाभुकों का फिंगर प्रिंट अब तक नहीं लिया गया है। एमओ ने कहा कि उन्होंने विभाग के वरीय अधिकारी से इस संबंध में बातचीत की है। उनके अनुसार जुलाई और अगस्त महीने का लंबित राशन बुधवार तक ग्रामीणों को उपलब्ध करा दिया जाएगा।