रांचीः भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (आईसीएआर-निसा), नामकुम, राँची में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन स्वच्छता, स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल तथा अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक पुनः उपयोग करते हुए सुंदर एवं उपयोगी कलाकृतियाँ तैयार कीं। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्थान के सफाई मित्रों को भी संस्थान में स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने में उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सफाई अभियान में सभी का रहा योगदान
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक, डॉ. अभिजीत कर ने सभी कार्मिकों को संबोधित करते हुए स्वच्छता को केवल विशेष अभियानों तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्य एवं व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से मिलकर संस्थान के परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने तथा अपशिष्ट के जिम्मेदार प्रबंधन में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की प्रेरणा
कार्यक्रम के माध्यम से अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग, जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया। इस अवसर ने स्वच्छता ही सेवा की भावना को और मजबूत किया तथा संस्थान में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी को प्रेरित किया।