Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांचीः खेत बचाओ अभियान के तहत ICAR-NISA ने किया नुक्कड़ नाटक का आयोजन, किसानों को दी गई जानकारी

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश स्थायी कृषि को बढ़ावा देने के लिए देश में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत किसानों को मिट्टी बचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान ने कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, रांची के साथ मिलकर किसानों में कृषि एवं मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया ।

 

किसानों को किया गया जागरूक

कार्यक्रम में नामकुम प्रखण्ड के लाली और राजाउलातू गाँवों से 62 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 38 महिलाएँ और 24 पुरुष शामिल थे। नुक्कड़ नाटक की रोचक प्रस्तुति के माध्यम से किसानों को खेतों की उर्वरता बनाए रखने, मृदा स्वास्थ्य की रक्षा, फसल अवशेष प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोगों के समेकित प्रबंधन (आईपीएम) तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही, किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियाँ अपनाने और रासायनिक कीटनाशकों का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी पढ़ेंः 22 अक्तूबर से देश भर में शुरू होगा खेत बचाओ अभियान, डिजिटल रूप से जोड़े जाएंगे 14 करोड़ किसान

 

महिला किसानों की रही सक्रिय भागीदारी

इस पहल से किसानों में पर्यावरण-अनुकूल खेती के प्रति समझ विकसित हुई। कार्यक्रम में महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि वे कृषि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में आईसीएआर-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, रांची के निदेशक डॉ. अभिजीत कर एवं वैज्ञानिक एस. के. पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही; साथ ही दोनों ही कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।