Skip to main content

Panchayat Darpan

|

रांची समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, 13 सितंबर तक येलो अलर्ट

रांची। पिछले दो-तीन दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे रांची समेत झारखंड के कई जिलों को सोमवार की मूसलाधार बारिश से राहत मिली। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली, काले बादल छाए और जोरदार बारिश हुई। तापमान गिरने से मौसम सुहाना हुआ, हालांकि रांची के कई इलाकों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

मौसम विभाग ने 13 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़ें: भारी बारिश में ध्वस्त हुए दो मकान, पीड़ित परिवारों ने मांगी तत्काल राहत

पिछले 24 घंटे में गिरिडीह के पीरटांड़ में सबसे अधिक 112.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 23.5 डिग्री दर्ज किया गया।

रांची में सुबह मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। जमशेदपुर में 35.0, डाल्टनगंज में 32.8, बोकारो में 34.5 और चाईबासा में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों में बारिश जारी रहने की संभावना के बीच लोगों की नजर अब मौसम विभाग के अलर्ट पर है।

इसे भी पढ़ें: नेपाल की बाढ़ के बाद बिहार में ‘अज्ञात’ मछलियों का खौफ: खाने से लोग पड़ रहे बीमार