Skip to main content

Panchayat Darpan

|

शिवनाथपुर पंचायत की बदहाल सड़कों से ग्रामीण परेशान, सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

सिसई। प्रखंड के शिवनाथपुर पंचायत में जर्जर सड़कों की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को खेत जैसा बताते हुए सड़क पर ही धान की रोपनी कर दी। शिवनाथपुर से जलका, शिवनाथपुर से करम टोली और शिवनाथपुर डहुटोली से गम्हरिया को जोड़ने वाली सड़कें लंबे समय से खराब हैं। बारिश के बाद इनकी स्थिति और बिगड़ गई है।

इसे भी पढ़ें: सड़क की बदहाली पर भड़के ग्रामीण, प्रदर्शन कर आवागमन रोका

कई बार आवेदन के बाद भी नहीं सुधरी सड़क

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय मुखिया, विधायक, सांसद समेत संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को कई बार आवेदन दिया गया। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से सड़क को दुरुस्त करने के लिए अब तक एक कुदाल मिट्टी तक नहीं डाली गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इसे भी पढ़ें: नालंदा के मितमा गांव में विवाद के बाद रोड़ेबाजी और फायरिंग, छह घायल

बच्चों और बुजुर्गों को हो रही परेशानी

ग्रामीणों ने कहा कि इन जर्जर रास्तों से होकर छोटे-छोटे बच्चे रोज स्कूल जाने को मजबूर हैं। सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बुजुर्गों को सड़क पार करने के लिए कई बार दूसरों का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत देखकर ही उन्होंने विरोध के तौर पर उस पर धान रोपने का फैसला किया।

इसे भी पढ़ें: बिहार के 25 पंचायतों में जिम उपकरणों की स्थिति पर सवाल, आरटीआई से मांगा गया ब्योरा

आदिवासी बहुल क्षेत्र में बुनियादी सुविधा को लेकर सवाल

ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर आदिवासी दिवस पर समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को लेकर कार्यक्रम कर रहा है, वहीं आदिवासी बहुल गांवों में लोग सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि करम, सरहुल और जतरा जैसे आयोजनों में पुरस्कार और सम्मान देने की पहल होती है, लेकिन गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर उतना ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तीनों सड़कों का तत्काल जायजा लेकर मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें: भारत की नीली क्रांति: बढ़ता उत्पादन, चमकता निर्यात और सामने खड़ी बड़ी चुनौतियां