Skip to main content

Panchayat Darpan

|

झारखंड में अगले तीन दिन बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी हुई

झारखंड में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 25 से 27 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। रांची समेत मध्यवर्ती जिलों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। अलग-अलग दिनों के लिए मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

इसे भी पढ़ें: बिहार पंचायत चुनाव में 10 साल बाद बदलेगा आरक्षण रोस्टर, नए परिसीमन से बदलेंगे गांवों के सियासी समीकरण

25 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा मध्यवर्ती जिले खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 26 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के साथ लोहरदगा और खूंटी में भी भारी बारिश की संभावना है। यानी लगातार दो दिनों तक राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश का जोर रहने का अनुमान है।

इसे भी पढ़ें: मत्स्य पालकों को मिला बीमा का सुरक्षा कवच, रांची में शुरू हुआ जागरूकता शिविर

27 अगस्त को बारिश का दायरा मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों तक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा चतरा और गिरिडीह में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और बारिश के दौरान यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

इसे भी पढ़ें: किसानों को UREA-DAP के लिए नहीं करना होगा लाइन में इंतजार, ऐप के जरिए घर बैठे कर सकते हैं प्री-बुकिंग

पिछले 24 घंटों में सिमडेगा के बानो में सबसे अधिक 38.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पाकुड़ में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को रांची में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। रांची का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 34.9, डालटनगंज में 33.6, बोकारो में 33.1 और चाईबासा में 34.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें: चीनी संकट के बीच 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात को मिली मंजूरी

One thought on “झारखंड में अगले तीन दिन बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी हुई

Comments are closed.